धौलपुर पुलिस ने निहालगंज थाना क्षेत्र में पति ने अवैध संबंधों के शक में पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने पति को गुरुवार शाम गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि पति ने पत्नी के साथ लगातार तीन दिनों तक मारपीट की, जिससे आई अंदरूनी चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। चौकाने वाली बात ये है कि आरोपी ने ससुर के साथ मिलकर एक युवक के खिलाफ पत्नी की हत्या की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई। यह कार्रवाई धौलपुर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान (आईपीएस) के निर्देश और वृत्ताधिकारी शहर कृष्णराज जांगिड (आरपीएस) के सुपरविजन में की गई। थानाधिकारी निहालगंज अमित कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की गई थी। घटना के संबंध में 6 जनवरी 2026 को बलराम विहार कॉलोनी निवासी बहादुर सिंह ने अपनी बेटी कोमल सिंह (35) की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में एक युवक और उसके साथियों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया था। इसके बाद निहालगंज थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में मौके पर मौजूद नहीं मिला नामजद जांच के दौरान मृतक का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया गया और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। स्वतंत्र गवाहों से भी पूछताछ की गई। एफआईआर में नामजद आरोपी के मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच में वह घटना के समय मौके पर मौजूद नहीं पाया गया। पुलिस की पूछताछ में हुआ खुलासा इसके बाद पुलिस ने मृतक के पति से गहन पूछताछ की। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसे अपनी पत्नी के किसी अन्य युवक से बातचीत करने और अवैध संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते उसने अपनी पत्नी के साथ लगातार तीन दिनों तक बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं और अंततः उसकी मौत हो गई। ससुर के साथ मिलकर कराई गलत रिपोर्ट पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पति ने मामले से बचने के लिए अपने ससुर के साथ मिलकर एक निर्दोष युवक के खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सच्चाई सामने आने पर आरोपी गंगासिंह (28), पुत्र तोताराम, निवासी बरेहमोरी थाना सदर धौलपुर (हाल निवासी चरन कॉलोनी थाना निहालगंज) को गिरफ्तार कर लिया गया। उससे आगे की पूछताछ जारी है और मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।


