अव्यवस्था के बीच शुरू हुई खेलो झारखंड प्रतियोगिता, डीसी ने डीएसई को लगाई फटकार

भास्कर न्यूज | चतरा जिला मुख्यालय स्थित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में शनिवार को जिला स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता का शुभारंभ अव्यवस्था और अनुशासनहीनता के बीच हुआ। उद्घाटन सांसद कालीचरण सिंह, उपायुक्त कीर्तिश्री जी, एसपी सुमित कुमार अग्रवाल और डीडीसी अमरेंद्र कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। लेकिन शुरुआती क्षण से ही मैदान में फैली अव्यवस्था और तैयारियों की कमी उजागर हो गई।उद्घाटन समारोह के दौरान तेज धूप में बच्चे खड़े थे। उन्हें बैठने को कहा गया। लेकिन मैदान गीला रहने के कारण बच्चे वहां से चले गए। यह देखकर उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जब अनुशासन की स्थिति ही नहीं बन पाती, तो ऐसे आयोजनों में बुलाने का औचित्य ही क्या है। बच्चों के बैठने के लिए व्यवस्था न होने और गीली जमीन की वजह से उन्हें मैदान के किनारे बैठना पड़ा। उपायुक्त के स्थल से रवाना होते ही डीएसई ने माइक से खेल शिक्षकों पर नाराजगी जताई। इस पर शिक्षकों ने कड़ा विरोध किया। इस दौरान शिक्षकों और जिला शिक्षा अधीक्षक के बीच बहस हुई। डीएसई के धमकी के बाद खेल शिक्षक शांत हो गए। बताया जाता है कि यह पहला मौका नहीं है जब डीएसई पर लापरवाही का आरोप लगा हो। इससे पूर्व भी उन्होंने अंडर-17 प्रतियोगिता का पूरा कार्यक्रम एक ही दिन में संपन्न करा दिया था, जिससे प्रतिभागियों में गहरी नाराजगी देखी गई थी। जिला स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता 20 से 27 सितंबर तक आयोजित की जाएगी। इस दौरान एथलेटिक्स, कबड्डी, फुटबॉल, वालीबॉल, बैडमिंटन सहित कई खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी। जिलेभर के विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं इसमें हिस्सा लेंगे। हालांकि उद्घाटन समारोह की अव्यवस्था ने आयोजन की गंभीरता और प्रशासनिक तैयारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खेल प्रेमियों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो प्रतियोगिता का मकसद फीका पड़ जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *