केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मंगलवार देर रात अशोकनगर जिले के चंदेरी में पूर्व विधायक गोपाल सिंह चौहान ‘डग्गी राजा’ के निवास पर पहुंचे। उन्होंने डग्गी राजा की दिवंगत मां को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सिंधिया और चौहान के बीच हुई बातचीत चर्चा का विषय बनी रही। यह मुलाकात सिंधिया के अशोकनगर जिले के चार दिवसीय दौरे के तीसरे दिन हुई। हालांकि, यह उनके निर्धारित कार्यक्रम का हिस्सा नहीं था। सिंधिया ने विशेष रूप से समय निकालकर कुछ दिन पहले निधन हुई गोपाल सिंह चौहान की मां को श्रद्धांजलि दी। पहले बोलते नहीं थे अब रोकना पड़ता है: सिंधिया
श्रद्धांजलि सभा के दौरान, केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने पूर्व विधायक गोपाल सिंह चौहान की ओर इशारा करते हुए कहा कि उन्हें याद है कि चौहान चुनाव के दौरान बहुत शर्माते थे। इस पर गोपाल सिंह चौहान ने जवाब दिया कि उन्हें भाषण देना महाराज (सिंधिया) ने ही सिखाया था। उन्होंने कहा कि वह पहले बोल भी नहीं पाते थे, लेकिन महाराज के कहने पर उन्होंने बोलना शुरू किया। सिंधिया ने चुटकी लेते हुए कहा कि अब तो वे बहुत बोलते हैं और उन्हें रोकना पड़ता है, जिस पर सभी लोग हंस पड़े। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अशोकनगर जिले के चार दिवसीय दौरे पर हैं, जिसका बुधवार को अंतिम दिन है। इस दौरान उन्होंने जिले के विभिन्न स्थानों का दौरा किया है और आज भी कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।


