अशोकनगर की नवीन गल्ला मंडी में मक्का खरीदी के दौरान दलाली करने वाले तीन लोगों की पहचान की गई है। मंडी प्रशासन ने शुक्रवार को इन तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए थाना प्रभारी को पत्र लिखा है। पत्र में बताया गया है कि वीडियो फुटेज के आधार पर पारस जैन, रिंकू जैन और आकाश जैन को चिह्नित किया गया है। इन व्यक्तियों के पास मंडी का कोई वैध लाइसेंस नहीं है। ये लोग बिना नीलामी के किसानों को गुमराह कर उनकी फसल बेच रहे थे, जिससे मंडी के कार्यों में बाधा हो रही थी और उसकी छवि भी धूमिल हो रही थी। दरअसल, इन दिनों कृषि उपज मंडी में मक्का की बंपर आवक हो रही है। इसी भीड़भाड़ का फायदा उठाकर कुछ दलाल सक्रिय हो गए थे। वे किसानों को जल्दी फसल बेचने का लालच देकर कुछ पैसे लेकर खरीद-फरोख्त करवा रहे थे, जिससे किसानों को अपनी फसल औने-पौने दामों में बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था।


