अशोकनगर में अतिक्रमण पर दो जेसीबी चलीं:नाले पर कब्जा और 15 फीट तक बने अवैध निर्माण तोड़े

अशोकनगर शहर के कोलुआ रोड पर शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की गई। नगर पालिका और प्रशासन की टीम ने दो जेसीबी मशीनों की मदद से दुकानों और घरों के बाहर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। यह कार्रवाई शहर के व्यस्ततम इलाकों को अतिक्रमण मुक्त करने के अभियान का हिस्सा है। मौके पर टीम ने पाया कि नगर पालिका द्वारा बनाए गए नाले को जगह-जगह कचरा डालकर बंद कर दिया गया था, जिससे वह पूरी तरह से चोक हो गया था। इसके अलावा, लोगों ने दुकानों और घरों के बाहर 10 से 15 फीट तक सीसी निर्माण कर कब्जा कर रखा था। कुछ स्थानों पर तो नाले का आकार ही बदल दिया गया था और उसे घुमावदार बना दिया गया था। पुलिस-प्रशासनिक अफसर मौजूद रहे
इस कार्रवाई के दौरान एसडीएम शुभ्रता त्रिपाठी, एसडीओपी विवेक शर्मा, नगर पालिका सीएमओ, तहसीलदार भारतेंदु यादव और देहात थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा सहित नगर पालिका राजस्व और प्रशासन की टीम मौजूद रही। टीम के पहुंचते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया। जिन लोगों ने अपने घरों और दुकानों के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण किया था, उन्होंने अपने-अपने सामानों को समेटना शुरू कर दिया। कई दुकानदारों ने टीम के पहुंचने से पहले ही अपने टीन शेड और अन्य सामान हटा लिए थे। हालांकि, कई दुकानों के बाहर मिले सीसी निर्माण को जेसीबी की मदद से तोड़ना पड़ा, क्योंकि कई दुकानों के बाहर काफी दूर तक अवैध निर्माण किया गया था। अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी
यह कार्रवाई शाम तक जारी रही और बस स्टैंड से लेकर कुड़ी घाट तक सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण हटाया गया। कोलुआ रोड पर भारी आवागमन रहता है और अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी। कुछ समय पहले नगर पालिका ने सड़क पर डिवाइडर लगाए थे, लेकिन अतिक्रमण के कारण जगह कम होने से उन्हें हटाना पड़ा था। दरअसल, कलेक्टर आदित्य सिंह के निर्देश में अतिक्रमण मुक्त करने के लिए अभियान शुरू किया है। जिसके तहत चौथे दिन यह कार्रवाई की गई। इससे पहले अस्पताल चौराहे से महात्मा बाड़ा तक गांधी पार्क से स्टेशन रोड और इंदिरा पार्क तक एवं मिलन तिराहे से एचडीएफसी चौराहे तक अतिक्रमण हटाया जा चुका है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *