अशोकनगर जिले में हाल ही में हुई बारिश के बाद मौसम में बदलाव आया है। बादल छंटने के बाद ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। शुक्रवार सुबह से जिले में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी घटकर 30 मीटर से भी कम रह गई। इससे आगे सब कुछ धुआं धुआं दिख रहा है। सड़कों पर वाहनों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा, जिससे यातायात धीमा रहा। कोहरे के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे ठंड और बढ़ गई। लोगों को ठंड से बचाव के लिए कड़े इंतजाम करने पड़ रहे हैं। मौसम में इस बदलाव के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। बीते दिन से न्यूनतम और अधिकतम दोनों ही तापमानों में कमी आई है। अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। पारे में गिरावट के कारण दिन और रात दोनों समय ठंड का असर तेज हो गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बादल छंटने के कारण पारे में और गिरावट आ सकती है, जिससे अगले कुछ दिनों तक ठंड का प्रकोप जारी रहेगा। हालांकि, एक-दो दिन बाद हल्के बादल फिर से छाने की संभावना है।


