अशोकनगर में गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह मोहरी स्थित कृषि उपज मंडी के पास बने स्टेडियम में उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। जिले के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला ने सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सजी हुई जिप्सी में सवार होकर परेड की सलामी ली। इस दौरान कलेक्टर साकेत मालवीय और पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा भी उनके साथ मौजूद रहे। हर्ष फायर भी किया गया
ध्वजारोहण के बाद प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री के गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन किया। इसके बाद देशभक्ति के नारों के बीच हर्ष फायर किए गए और परेड की टुकड़ियों ने अनुशासित मार्चपास्ट किया। परेड में शामिल जवानों ने मंच के सामने से गुजरते हुए सलामी दी। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने परेड कमांडरों से परिचय लिया और खुशी के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े। इस अवसर पर लोकतंत्र सेनानियों को भी सम्मानित किया गया। अलग-अलग विभागों ने निकाली झांकियां
समारोह में स्कूली बच्चों ने पीटी प्रदर्शन किया और देशभक्ति गीतों पर आधारित सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न विभागों और संस्थाओं की झांकियां भी निकाली गईं, जिनमें सरकारी योजनाओं, नए नवाचारों और नशा मुक्ति जैसे सामाजिक संदेशों को दर्शाया गया। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह पूरे अनुशासन और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।


