अशोकनगर में सोमवार की सुबह के समय से मौसम परिवर्तन हुआ है। घने बादल छाए हुए हैं। साथ ही हल्का-हल्का कोहरा भी छाया है। सर्द हवा की वजह से ठंड का असर भी जारी है। मौसम विभाग का पूर्व अनुमान है कि जिले में अगले तीन-चार दिनों तक बारिश होने का अनुमान है। मंगलवार से लेकर गुरुवार-शुक्रवार तक बारिश होने का अनुमान जताया है। इसके बाद भी दिसंबर के आखिरी दिनों तक बादल छाए रहने व बूंदाबांदी होने का अनुमान है। अचानक से बदले मौसम के बाद मावठे की बारिश होने से रवि सीजन की फसलों को काफी फायदा होगा। इस समय किसान फसलों की सिंचाई कर रहे हैं ऐसे में हल्की बारिश होने के बाद उनके खेतों में सिंचाई में कम पानी लगेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, बादल छाए रहने व बूंदाबांदी होने के समय तक ठंड का असर इसी तरह से रहेगा, लेकिन मौसम साफ होने के बाद से ही घना कोहरा छाएगा। साथ ही कड़ाके की ठंड भी पड़ेगी।


