अशोकनगर में व्यापारी से लूट का एक और आरोपी गिरफ्तार:5 लाख नकद, 315 बोर का कट्टा व 6 जिंदा राउंड बरामद

अशोकनगर जिले के शाढ़ौरा क्षेत्र में व्यापारी से हुई 20 लाख रुपए की लूट के मामले में मंगलवार को पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने एक फरार आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 5 लाख रुपए नकद, एक 315 बोर का देशी कट्टा और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू उर्फ सुनील उर्फ जसरथ (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गुना जिले के ग्राम केशोपुर का निवासी है। उसे गुना जिले के मावन रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा गया। यह घटना 3 दिसंबर को गुना-अशोकनगर रोड पर नगऊखेड़ी तिराहा और रेलवे फाटक के बीच हुई थी। चार अज्ञात बदमाशों ने व्यापारी नीरज साहू से कट्टे की नोक पर 20 लाख रुपए लूटे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटी गई राशि की बरामदगी के लिए 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। विशेष पुलिस टीम ने इस मामले में पहले ही मुख्य आरोपी राजा भदौरिया सहित अनिकेत मीना और गोलू उर्फ राहुल को गिरफ्तार कर लिया था। शेष फरार आरोपियों की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। आज मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मावन रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर आरोपी सोनू उर्फ सुनील उर्फ जसरथ को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार, कारतूस और लूटी गई राशि में से 5 लाख रुपए जब्त किए गए। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी सोनू उर्फ सुनील उर्फ जसरथ एक अंतरराज्यीय अपराधी है। उसके खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले 30 हजार रुपए का इनामी आरोपी रह चुका है और वर्ष 2017 में गुना जिले के ग्राम खटकिया के सरपंच गोपाल मीना के अपहरण मामले में भी आरोपी था। गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *