अशोकनगर में सटोरिया आजाद खान के पार्षद भाई राशिद खान चिन्ना और उसके ड्राइवर शानू खान के खिलाफ मंगलवार को कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। इन पर दो भाइयों की आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में दर्ज एफआईआर वापस लेने के लिए दबाव बनाने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मृतकों के परिजनों को डराया-धमकाया और जान से मारने की धमकी भी दी। कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप चौहान ने बताया कि 11 दिसंबर की रात राशिद खान चिन्ना और उसका ड्राइवर सानू खान एक जीप से मृतकों के परिजनों की दुकान पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने परिजनों को धमकाते हुए मामले में राजीनामा करने को कहा। पीड़ितों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच की और अब एफआईआर दर्ज कर ली है। यह है पूरा मामला…
यह मामला नंदकिशोर सोनी और रामेश्वर सोनी नामक दो भाइयों की आत्महत्या से जुड़ा है। कुछ महीने पहले उन्होंने रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने आकर जान दे दी थी। इस संबंध में देहात थाने में सटोरिया आजाद खान के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया था। आजाद खान को कुछ दिनों पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। प्रशासन ने आरोपी आजाद खान का पिस्टल लाइसेंस भी रद्द कर दिया है। इसके अतिरिक्त, उसकी मां के नाम पर कोलूआ गांव के पास स्थित फार्म हाउस पर बनी एक बिल्डिंग और बाउंड्री वॉल को सड़क से निर्धारित दूरी में न होने के कारण जेसीबी से तोड़ दिया गया था।


