अशोकनगर में 45 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला:शरीर पर चोट के निशान, भाई ने हत्या की आशंका जताई

अशोकनगर जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हारूखेड़ी में शनिवार देर रात एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिला। शव खून से लथपथ था और उस पर चोटों के निशान थे। पुलिस ने मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दी। मृतक की पहचान हरदास पिता गोरेलाल अहिरवार (45) के रूप में हुई है। वह शनिवार सुबह काम के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक नहीं लौटा। रात करीब ग्यारह बजे पुलिस ने हरदास के भाई महेंद्र के घर पहुंचकर उसे घटना की जानकारी दी। महेंद्र मौके पर पहुंचा, जिसके बाद शव को बहादुरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और पोस्टमॉर्टम कक्ष में रखवाया गया। रविवार सुबह एसडीओपी सनम बी खान और थाना प्रभारी अरविंद सिंह कछुवाह घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। महेंद्र ने बताया कि शव के सिर और कान पर चोट के निशान थे और पूरा शरीर खून से सना हुआ था। उसने भाई की हत्या की आशंका जताई है। वहीं, कुछ ग्रामीणों ने इसे दुर्घटना भी बताया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। बहादुरपुर थाना प्रभारी अरविंद सिंह कछुवाह ने बताया कि गोरेलाल के साथ जो लोग काम करने गए थे उनसे पूछताछ की गई है। उनका कहना है कि रात के समय वह शराब के नशे में थे और सेंटिंग भरकर लौटकर ट्रैक्टर से घर जा रहे थे। हरदास ट्रैक्टर के मडगार्ड पर बैठा हुआ था तभी अचानक से वह गिर गया। नीचे डली गिट्टी उसके सर में लग गई, जिससे काफी खून बह गया। इसके बाद उन लोगों ने उसे सड़क के किनारे किया और 112 पर उसकी डले होने की सूचना दे दी। पूछताछ में प्रथम दृष्टि सड़क दुर्घटना बताई जा रही है बाकी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और पूरी जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *