अशोकनगर में शरद पूर्णिमा के अवसर पर एक प्राइवेट कोचिंग संचालक शिक्षक ने 7101 कन्याओं के लिए कन्या भोज का आयोजन किया। गौशाला स्थित मानस भवन में मंगलवार सुबह से ही विधिवत कन्या पूजन के बाद उन्हें तिलक लगाकर भोजन कराया गया। बड़ी संख्या में कन्याएं सुबह से पहुंच रहीं हैं ,आयोजन शाम तक चलेगा। स्वप्न में आदि शक्ति ने कन्या भोज करवाने को कहा आयोजक शिक्षक बलवीर साहू ने बताया कि उनके घर में एक सदी पुरानी आदि शक्ति की मूर्ति स्थापित है। लगभग पांच साल पहले कोरोना काल के दौरान उन्हें आदि शक्ति के रूप में स्वप्न आया था, जिसमें उन्हें कन्या भोज कराने का निर्देश मिला। उन्होंने पहले साल 500 कन्याओं को भोजन कराया था। तब से हर साल कन्याओं की संख्या बढ़ती गई। इस वर्ष सबसे अधिक 7101 कन्याओं को भोजन कराया जाएगा। इस दौरान कन्याओं को उपहार स्वरूप एक बर्तन और शैक्षणिक सामग्री जैसे पेंसिल, कटर, रबर और पेन भी भेंट किए गए। पिछले साल 5100 सौ कन्याओं को भोज करवाया बलवीर साहू ने बताया कि वह हर साल भोज में कन्याओं की संख्या बढ़ाने का प्रयास करते हैं। पिछले तीन वर्षों से यह आयोजन बड़े स्तर पर किया जा रहा है, जिसमें बीते वर्ष 5100 कन्याओं को भोजन कराया गया था। यह आयोजन वे अपने निजी पैसों से करते हैं।


