अशोकनगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा एक मामला सामने आया है। यहां स्टेशन के एक छोर से दूसरे छोर तक जाने वाले फुट ओवर ब्रिज पर बाइक दौड़ाने का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें दो बाइक चालक पुल से नीचे उतरते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि यह पुल विशेष रूप से पैदल यात्रियों के लिए बनाया गया है। जिस फुट ओवर ब्रिज पर यह घटना हुई, वहां सीढ़ियों के बजाय ढलान (स्लोप) बनाई गई है। इसका उद्देश्य यात्रियों को पैदल चलने या ट्रॉली बैग आसानी से ले जाने की सुविधा देना है। हालांकि, बाइक चालकों ने इसी ढलान का दुरुपयोग कर इसे आवागमन का रास्ता बना लिया। स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह घटना दो दिन पहले शाम के समय हुई थी, जब बाइक सवारों को पुल से गुजरते देखा गया। घटना के समय क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी, जिससे पुल पर फिसलन बढ़ गई थी। ऐसी स्थिति में बाइक का संतुलन बिगड़ने और किसी बड़े हादसे की आशंका थी। सबसे अधिक खतरा उन पैदल यात्रियों को था, जो उस समय पुल का उपयोग कर रहे थे। बाइक की चपेट में आने से किसी भी यात्री को गंभीर चोट या जानमाल का नुकसान हो सकता था। वीडियो वायरल होने के बाद राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) हरकत में आई है। जीआरपी थाना प्रभारी लाखन सिंह रघुवंशी ने बताया कि उन्हें फुट ओवर ब्रिज से बाइक निकालने की घटना की जानकारी पहले नहीं थी। वीडियो सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया है। अब स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि बाइक के स्रोत और इसमें शामिल व्यक्तियों की पहचान की जा सके।


