झालावाड़ नगर परिषद में अशोक शर्मा को फिर से आयुक्त नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार ने उन्हें निलंबन से बहाल करते हुए यह पद सौंपा है। इसके साथ ही, उन्हें झालरापाटन नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है। अशोक शर्मा इससे पहले भी दो बार झालावाड़ नगर परिषद में आयुक्त के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। यह उनकी तीसरी नियुक्ति है। स्थानीय निकाय विभाग, जयपुर के निदेशक द्वारा जारी आदेश के अनुसार अशोक शर्मा को 13 सितंबर 2025 को प्रस्तावित अनुशासनात्मक कार्रवाई के चलते निलंबित किया गया था। उनका मुख्यालय निदेशालय, स्थानीय निकाय विभाग, जयपुर निर्धारित किया गया था। राज्य सरकार ने उनके विरुद्ध प्रस्तावित विभागीय कार्रवाई को प्रक्रियाधीन रखते हुए उन्हें निलंबन से बहाल कर दिया है। इसी आदेश के तहत उन्हें पुनः आयुक्त, नगर परिषद झालावाड़ के पद पर पदस्थापित किया गया है। अब तक झालावाड़ नगर परिषद आयुक्त का कार्यभार झालरापाटन तहसीलदार नरेंद्र मीणा संभाल रहे थे। उल्लेखनीय है कि अशोक शर्मा के खिलाफ पूर्व में ट्रैप की कार्रवाई भी हो चुकी है।


