भास्कर न्यूज| महासमुंद छात्राओं के साथ अश्लीलता करने के आरोप में घिरे शिक्षक के मामले में नया मोड़ आया है। खबर है कि फरार शिक्षक की पत्नी ने पीड़ित छात्राओं के घर जाकर उनके परिजन से पति की करतूत के प्रति खेद जताया। इस बीच, आरोपों की जांच के लिए शिक्षा विभाग ने जांच समिति गठित की है। बताते चलें कि, हाई स्कूल लिमगांव में छात्राओं से अश्लीलता की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक (लेक्चरर) संदीप साहू के खिलाफ एफआईआर किया है। आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, आरोपी शिक्षक फिलहाल फरार बताया जा रहा है। इस बीच पालकों से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी संदीप की पत्नी अपने पति की करतूत को लेकर शर्मिंदगी महसूस कर रही हैं। पीड़ित छात्राओं के घर आकर उन्होंने इस पूरी घटना के लिए खेद प्रकट किया है। महासमुंद डीईओ विजय कुमार लहरे ने बताया कि शिकायत पर मामले में जांच करने के लिए एक टीम गठित कर जांच के लिए स्कूल भेजा गया था। बच्चियों और पालकों का बयान लिया गया है। मामले की जांच जारी है।


