भास्कर न्यूज| लाठी लाठी क्षेत्र के चांधन गांव के मुख्य बाजार में राष्ट्रीय राजमार्ग 11 पर गाय को बचाने के प्रयास में कार डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में डिवाइडर पर लगे पोल से टकराने से कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कार में सवार पर्यटकों को चोटें नहीं आई। हरियाणा के जिंद से कुछ पर्यटक गुरुवार सुबह एक कार में सवार होकर जैसलमेर घूमने के लिए जा रहे थे। इस दौरान चांधन गांव के मुख्य बाजार में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 11 पर कार के आगे अचानक गाय आ गई। इस दौरान कार चालक द्वारा गाय को बचाने के प्रयास में कार का संतुलन बिगड़ गया तथा कार असंतुलित होकर डिवाइडर पर चढ़ते हुए बिजली के पोल से टकरा गई।ग्रामीण मौके पर पहुंचे उन्होंने कार में फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला तथा प्राथमिक उपचार किया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लिया।


