असली जिम्मेदारी पौधों को संभालना व पेड़ बनाना है : डीसी

भास्कर न्यूज | लुधियाना पर्यावरण सरंक्षण की दिशा में लुधियाना जिले ने एक मिसाल कायम करते हुए 1 जुलाई 2025 से अब तक लगभग 8 लाख पौधे लगाए हैं। यह अभियान गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित किया गया है और जिलेभर में इसे बड़े स्तर पर चलाया गया। वन महोत्सव का आयोजन गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स में किया गया, जिसमें कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह और उपायुक्त हिमांशु जैन ने विशेष रूप से शिरकत की। इस मौके पर दोनों ने खुद कॉलेज परिसर में पौधे लगाकर लोगों को जागरूकता का संदेश दिया। कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह ने बताया कि पौधारोपण पंचायत ज़मीनों, गांवों के तालाबों के आसपास, सड़कों के किनारे, स्कूल-कॉलेजों और स्वास्थ्य केंद्रों में किया गया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान मुख्यमंत्री भगवंत मान के “स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त पंजाब” के विजन की ओर एक मजबूत कदम है। सरकार की ओर से सरकारी विभागों को पौधे मुफ्त में दिए गए, जबकि आम जनता के लिए सिर्फ 2 रुपए प्रति पौधा की नाममात्र कीमत रखी गई, जो पहले ₹20-25 थी। डीसी हिमांशु जैन ने कहा कि पौधे लगाना शुरुआत है, असली ज़िम्मेदारी है उन्हें संभालना और पेड़ बनाना। उन्होंने बताया कि सभी संबंधित अधिकारियों को पौधों की देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि स्वस्थ वातावरण नागरिकों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, क्योंकि पेड़ न केवल हवा की गुणवत्ता सुधारते हैं, बल्कि गर्मी कम करने और जैव विविधता को बढ़ावा देने में भी सहायक हैं। इस मौके पर डिविजनल फॉरेस्ट अफसर राजेश गुलाटी, कॉलेज की प्रिंसिपल और अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे। छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित एक सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया, जिसमें पौधों की महत्ता को भावनात्मक तरीके से दर्शाया गया। वन महोत्सव का आयोजन गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स में किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *