असामाजिक तत्वों ने लगाई आग,मोहल्ले की सतर्कता से टला हादसा:पुरैना आर्च ब्रिज के पास झोपड़ी में लगी आग, पार्षद की तत्परता से समय पर काबू पाया गया

रात करीब 11 बजे जब ज्यादातर लोग अपने घरों में सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी पुरैना आर्च ब्रिज के पास अचानक आग की लपटें उठती दिखीं। वार्ड क्रमांक 49 में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने एक झोपड़ी में आग लगा दी थी। कुछ ही मिनटों में आग फैलने लगी और आसपास के लोग दहशत में आ गए। हालांकि, मोहल्ले के लोगों ने हिम्मत और समझदारी दिखाई। उन्होंने तुरंत वार्ड पार्षद और एमआईसी सदस्य डॉ. अनामिका सिंह को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही डॉ. अनामिका सिंह बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचीं और नगर निगम जोन-10, फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस को तत्काल अलर्ट किया। कुछ ही देर में नगर निगम, दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय निवासियों के सहयोग से राहत कार्य शुरू हुआ और आग को फैलने से पहले ही काबू में कर लिया गया। इस दौरान श्रीमती खातून बकाली की झोपड़ी आग की चपेट में आकर जल गई, लेकिन समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा नुकसान टल गया। घटना के बाद डॉ. अनामिका सिंह ने प्रभावित महिला से मुलाकात कर नगर निगम की ओर से जल्द व्यवस्थापन दिलाने का आश्वासन दिया। देर रात हुई इस घटना में स्थानीय लोगों की जागरूकता, जनप्रतिनिधि की तत्परता और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई ने एक बड़े हादसे को होने से रोक दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *