उदयपुर से गुजरात के असारवा रूट का इलेक्ट्रिफिकेशन होने के बाद पहली खुशखबर है। इस रूट पर चलने वाली 7 ट्रेनों में से दो को अब इलेक्ट्रिक इंजन से चलाया जाएगा। इनमें कोटा-असारवा व इंदौर-असारवा ट्रेन शामिल है। अभी तक ये दोनों उदयपुर तक तो इलेक्ट्रिक इंजन से आती थी, लेकिन आगे डीजल इंजन जोड़कर असारवा भेजा जाता था। इस ट्रैक का इलेक्ट्रिफिकेशन होने के बाद हाल ही रेलवे ने यहां जांच और ट्रायल पूरा किया था। इंदौर-असारवा ट्रेन को 11 और कोटा-असारवा को 14 जनवरी से इलेक्ट्रिक इंजन से चलेगी। इससे न केवल ट्रेन की गति बढ़ेगी, बल्कि इंजन बदलने में लगने वाले 15 से 20 मिनट भी बचेंगे। रेलवे का डीजल बचेगा। समय में अभी कोई बदलाव नहीं इंदौर-असारवा ट्रेन इंदौर से रोज शाम 5:55 बजे रवाना होकर सुबह 4:20 उदयपुर सिटी स्टेशन पहुंचती है। यहां 30 मिनट का ठहराव निर्धारित है। इस दौरान इंजन को बदला जाता है और डीजल का लगाया जाता है। यहां से 4:50 बजे रवाना होकर सुबह 10:50 बजे असारवा पहुंचती है। कोटा-असारवा ट्रेन ये ट्रेन सप्ताह में दो दिन मंगलवार और शुक्रवार को चलती है। कोटा से शाम 6:45 बजे रवाना होकर रात 11:40 बजे उदयपुर पहुंचती है। यहां 25 मिनट का ठहराव है। डीजल इंजन लगाने के बाद रात 12:05 बजे इसे असारवा के लिए रवाना किया जाता है। यह सुबह 5:45 बजे असारवा पहुंचती थी। स्पीड बढ़ेगी-समय बचेगा, बाकी 5 भी जल्द इसी इंजन से चलेंगी इस रूट पर चित्तौड़गड़-असारवा, उदयपुर-असारवा, जयपुर-असारवा, उदयपुर-बांद्रा और मैसूर सहित 5 ट्रेनें और चलती हैं। अभी ये भी उदयपुर से असारवा के बीच डीजल इंजन से चलाई जा रही हैं। अब इन्हें भी इलेक्ट्रिक इंजन से चलाने की आस बंध गई है। इसके अलावा इस रूट पर नए ट्रेनें भी मिल सकती हैं। बता दें कि मार्च 2022 से उदयपुर से असारवा के बीच 299 किमी के ट्रैक के इलेक्ट्रिफिकेशन का काम शुरू हुआ था। यह दिसंबर 2024 में पूरा हुआ। कुल 210 करोड़ लागत आई।


