भास्कर न्यूज | गुमला जिले में सक्रिय चोर अब मकान दुकान के बाद इमरजेंसी सेवा पर भी सेंधमारी शुरू कर दी है। जिसके कारण अस्पताल प्रबंधन भी सकते में है। ताजा घटना शनिवार को देर रात सदर अस्पताल परिसर की है। जहां देर रात करीब 3 बजे खड़ी एम्बुलेंस की चोरी कर आसानी से भाग निकले। यह पूरा वाक्या अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गया है। रात को करीब 2:50 बजे चोर सदर अस्पताल के मुख्य गेट से प्रवेश करता है। इसके बाद एम्बुलेंस को स्टार्ट कर निकल जाता है। पूरे घटना को लेकर एम्बुलेंस के चालक डमरू धर महतो ने थाना में लिखित आवेदन देकर एम्बुलेंस चोरी की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है। कहा है कि वे विगत 5 साल से सदर अस्पताल गुमला में एम्बुलेंस चालक के पद पर कार्यरत हैं और अस्पताल के एम्बुलेंस को चलाकर मरीजों को लाने ले जाने का काम कर रहा है। बीते शनिवार को भी वह रात्रि 12:30 बजे ड्यूटी के दौरान एम्बुलेंस वाहन से इलाजरत मरीज का मृत्यु होने के बाद शव को सदर थाना क्षेत्र के टैसेरा गुमला छोड़ने गया था। करीब रात करीब 1:30 बजे शव को छोड़ने के बाद लौटकर एम्बुलेंस को वापस अस्पताल परिसर में स्थित पार्किंग स्थल में लगा कर आराम करने डेरा चला गया था। दूसरे दिन रविवार को सवेरे 6 बजे वापस पार्किंग स्थल पर गया तो एम्बुलेंस गायब थी। जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड फुटेज के अनुसार रात करीब 2:58 एक अज्ञात व्यक्ति अस्पताल के मुख्य द्वार से आते दिख रहा है और एम्बुलेंस वाहन चोरी कर भागते नजर आ रहा है।


