अलवर के थानागाजी में इंदौक के बीच एम्बुलेंस में ही महिला ने बच्चे को जन्म दे दिया। एम्बुलेंसकर्मियों ने गाड़ी को साइड में खड़ा कर प्रसव कराया। इसके बाद 23 साल की महिला व बच्चे को थानागाजी के अस्पताल लेकर आए। अब यहां जच्चा व बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। एम्बुलेंस में ईएमटी (आपातकालीन चिकित्सा तकनीशियन) यादराम यादव व पायलट श्यामवीर थे। यादराम ने बताया कि मंगलवार सुबह 11 बजकर 33 मिनट पर मैसेज आया था कि इंदौक में डिलीवरी केस है। 11 बजकर 40 मिनट पर एम्बुलेंस लेकर इंदौक पहुंचे। इसके बाद वहां से थानागाजी सीएचसी लाते समय महिला को प्रसव की तकलीफ बढ़ गई। आखिर में एम्बुलेंस को सड़क किनारे लगाकर प्रसव कराना पड़ा। करीब 10 मिनट में सफल प्रसव कराया गया। इमरजेंसी केस में प्रसव कराने का प्रशिक्षण मिलता है ईएमटी को
ईएमटी यादराम ने बताया कि इमरजेंसी केस में उन्हें प्रसव कराने का प्रशिक्षण दिया जाता है। पूरी किट गाड़ी में होती है। इस केस में भी नॉर्मल डिलीवरी कराई गई। इससे पहले भी ऐसे कई केस एम्बुलेंस में सफल हुए हैं। महिला बीना देवी पत्नी राजेंद्र की सेहत अब पूरी तरह ठीक है।


