अहमदाबाद-उदयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस 16 फरवरी से दौड़ेगी:सांसद महिमा कुमारी ने ट्रेन को मुम्बई तक विस्तार देने की मांग की

मेवाड़ अंचल को रेल सुविधा की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। अहमदाबाद से उदयपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी मिल गई है। यह ट्रेन 16 फरवरी से नियमित संचालन शुरू करेगी। नई ट्रेन के शुरू होने से मेवाड़ क्षेत्र को तेज, सुरक्षित और अत्याधुनिक रेल सेवा का लाभ मिलेगा। राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने क्षेत्र की रेल जरूरतों को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर और व्यक्तिगत मुलाकात कर अहमदाबाद-उदयपुर वंदे भारत ट्रेन की मांग रखी थी। रेल मंत्री ने उनकी मांग पर सहमति जताते हुए इस ट्रेन के संचालन की पुष्टि की। क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई रफ्तार अहमदाबाद और उदयपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू होने से मेवाड़ के पर्यटन उद्योग को नई गति मिलेगी। उदयपुर पहले से ही देश-विदेश के पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण है। तेज और आरामदायक रेल सेवा से पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। इसके साथ ही व्यापारिक गतिविधियों और आम यात्रियों के आवागमन को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। आधुनिक सुविधाओं से लैस वंदे भारत ट्रेन समय की बचत के साथ सुरक्षित यात्रा का विकल्प प्रदान करेगी। मुंबई तक विस्तार की उठाई मांग सांसद महिमा कुमारी ने रेल मंत्री से भविष्य में इस ट्रेन को उदयपुर से आगे मुंबई तक विस्तारित करने का आग्रह भी किया है। यदि यह प्रस्ताव स्वीकृत होता है तो महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में रहने वाले मेवाड़ और राजसमंद क्षेत्र के लोगों को सीधा रेल संपर्क मिल सकेगा। सांसद ने इस उपलब्धि के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सहयोग करने वाले अन्य जनप्रतिनिधियों का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह पहल मेवाड़ के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा देगी। वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन से मेवाड़ आधुनिक रेल नेटवर्क से और अधिक सशक्त रूप से जुड़ जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *