बायपास पर बाइक सवार छात्र की चायनीज मांजे से गला कटने से हुई मौत के बाद भी शहर में मांजा बिकना बंद नहीं हुआ है। सोमवार रात एक व्यापारी अपनी कार में चायनीज मांजे का जखीरा लेकर आ रहा था। वह मौत के इस मांने को शहर में बेचने वाला था। जूनी इंदौर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार का रोका तो उसमें आठ बोरे चाइनीज मांजा मिला। बोरे खुलवाए तो उसमें 1526 रील चाइनीज मांजा निकला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी मूल रूप से शाजापुर निवासी है, वह यहां किराए से रह रहा था। आरोपी मकर संक्रांति पर बेचने के लिए यह मांजा लेकर आया था। जूनी इंदौर टीआई अनिल गुप्ता ने बताया आरोपी व्यापारी 28 वर्षीय रवि पिता कैलाश राजानी निवासी खातीवाला टैंक है। सूचना मिली थी कि रवि रात के समय मांजा लेकर आने वाला है। पुलिस ने चेकिंग प्वाइंट लगाए और कार नंबर के आधार पर उसे पकड़ा। तलाशी में कार में आठ बोरे चाइनीज मांजा मिला। आरोपी से थाने में देर रात तक पूछताछ की गई। भास्कर इनसाइट – कालूपुर मार्केट में शब्बीर की दुकान से लाया आरोपी रवि ने पूछताछ में कबूला कि दो दिन पहले कार से अहमदाबाद गया था। वहां के कालूपुर मार्केट से शब्बीर नागक व्यापारी की दुकान से सैकड़ों की संख्या में चायनीज मांजे की रील खरीदकर लाया था। थोड़े से पैसों के लालच में आरोपी यह माल इंदौर में बेचकर लोगों की जान को जोखिम में डालने वाला था। आरोपी ने थोक रेट पर करीब 36 हजार रुपए में 8 बोरी मांजा खरीदा था। वह यहां खेरची के हिसाब से करीब डेढ़ लाख रुपए में बेचने वाला था। हर साल त्योहार पर लाता था आरोपी ने कबूला कि वह मकर संक्रांति के त्योहार को देखते हुए मांजा लेकर आया था। वह मूल रूप से शाजापुर का रहने वाला है। यहां चार महीने से किराए के मकान में रह रहा है। वह हर साल मकर संक्रांति पर चायनीज गांजा लेकर आता था। उसने शहर और आसपास के क्षेत्रों में काफी मांजा बेचा है। बोला- सीजन में तो बेचना पड़ेगा जब उसे थाने लाए तो टीआई ने पूछा कि जब यह मांजा प्रतिबंधित है तो उसे क्यों बेचने के लिए लाया है। आरोपी बोला कि अभी सीजन है तो उसे बेचना ही होगा। पुलिस उससे और भी पूछताछ कर रही है। खजराना पुलिस भी जाएगी उधर, खजराना पुलिस ने भी कुछ दिन पहले तीन व्यापारियों को चायनीज मांजे के साथ पकड़ा था। तब खुलासा हुआ था कि वे लोग दिल्ली के चांदनी चौक के पास स्थित लालकुआं इलाके से माल लाते थे। पुलिस अब वहां भी दबिश देने जाएगी। दिल्ली और अहमदाबाद गढ़ 30 नवंबर को बायपास पर बाइक सवार 17 वर्षीय छात्र गुलशन की चायनीज मांजे से गला कटने से मौत हो गई थी। इसके बाद 2 दिसंबर को भास्कर ने शहर के व्यापारियों और सूत्रों से संपर्क किया। फिर खुलासा किया था कि शहर में अहमदाबाद और दिल्ली से बड़े पैमाने पर चायनीज मांजा आ रहा है।


