भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं किराए के आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए राहत की खबर है। ये अब बड़े व सुविधाजनक भवन में संचालित हो सकेंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग ने किराए के संबंध में नई एसओपी जारी की है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र भवन के लिए 2 हजार रुपए और शहरी क्षेत्र में 4 हजार रुपए प्रति माह किराया तय किया गया। जो पहले से करीब चार गुना है। इसमें शर्त यह है कि इसके लिए न्यूनतम 600 वर्ग फीट का क्षेत्रफल होना चाहिए। इसका असेसमेंट होने के बाद यह किराया राशि मिल सकेगी। जिले में कुल 1630 आंगनबाड़ी केंद्र है। इसमें 102 किराए के भवनों में संचालित हो रहे हैं। अभी शहरी क्षेत्र में 1 हजार व ग्रामीण क्षेत्र में 500 रुपए प्रति माह किराया मिलता है। इससे एक कमरा भी ढंग से नहीं मिल पाता है। विभाग ने इस समस्या को अब महसूस करते हुए किराया बजट बढ़ाया। इससे आंगनबाड़ी केंद्रों को सुविधाजनक भवन मिलेगा। साथ ही जगह पर अधिक मिलेगी। इससे आंगनबाड़ी केंद्रों पर सुविधाएं बढ़ाने में मदद मिलेगी। ^आंगनबाड़ी केंद्र के लिए ग्रामीण क्षेत्र में 2 हजार और शहरी क्षेत्र में 4 हजार रुपए प्रति माह किराया निर्धारित किया है। पीडब्ल्यूडी या नगर निकाय से भवन का असेसमेंट कराना होगा। -बिजेंद्र सिंह राठौड़, उप निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग झुंझुनूं


