आंधी व गाज से पंप हाउस में खराबी, पानी सप्लाई ठप

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जशपुरनगर में हाल ही में बदले मौसम के मिजाज का असर अब शहर की जल आपूर्ति पर साफ दिखाई दे रहा है। मनोरा ब्लॉक के डूमरटोली एनीकट में स्थित पंप हाउस में ट्रांसफार्मर और पंप के खराब हो जाने से नगर में पानी की सप्लाई बाधित हो गई है। नगरपालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय ने बताया कि दो दिन पूर्व आई तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने से पंप हाउस का ट्रांसफार्मर जल गया था। विद्युत विभाग की सहायता से ट्रांसफार्मर को बदल दिया गया है, लेकिन लाइन में आई ट्रिपिंग की वजह से पंप हाउस में लगे दो पंपों में से एक पंप पूरी तरह जल गया। इसके चलते पंप हाउस की जल आपूर्ति क्षमता आधी से भी कम रह गई है। जल संकट की स्थिति को देखते हुए नगर पालिका ने वैकल्पिक उपाय अपनाते हुए छह टैंकरों और बोरवेल के माध्यम से प्रभावित इलाकों में जल वितरण शुरू कर दिया है। सीएमओ उपाध्याय ने बताया कि जल आपूर्ति को फिर से सामान्य करने के लिए खराब पंप को मरम्मत हेतु भेजा गया है, और नए पंप की खरीदी की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गुरुवार तक जल आपूर्ति व्यवस्था सामान्य हो जाएगी। नगर पालिका ने जल संकट के स्थायी समाधान के लिए 80 करोड़ रुपये की एक महत्वाकांक्षी योजना भी तैयार की है। इसके अंतर्गत शहर के समीपवर्ती ग्राम जरिया में लावा नदी पर एनीकट, फिल्टर प्लांट और नया पंप हाउस स्थापित किया जाएगा। इस योजना के पूर्ण होते ही जशपुरनगर की जल समस्या स्थायी रूप से समाप्त हो जाएगी। मामले पर नपा सीएमओ योगेश्वर उपाध्याय ने कहा िक पंप हाउस में ट्रांसफार्मर को बदल दिया गया है। पंप को सुधार के लिए भेजा गया है। गुरुवार तक स्थिति सामान्य हो जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *