सिवनी कलेक्टर संस्कृति जैन को रविवार को अनोखी विदाई दी गई। कर्मचारियों और अधिकारियों ने कलेक्टर को एक पालकी में बैठाया और उन्हें कंधे पर उठाकर विदा किया। यह विदाई समारोह अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया। जब कलेक्टर संस्कृति जैन पार्टी के बाद भोपाल के लिए रवाना होने लगीं तो उन्हें पालकी में बैठाया गया। यह पल और भी खास तब बन गया, जब उनकी दोनों बेटियां भी अपनी मां के साथ उसी पालकी में बैठीं। विदाई के दौरान “पालकी में होके सवार चली रे, मैं तो अपने साजन के द्वार चली रे” गाना बज रहा था, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया। देखिए विदाई समारोह की तस्वीरें अब भोपाल नगर निगम में कमिश्नर का जिम्मा संभालेंगी संस्कृति जैन का कार्यकाल सिवनी जिले में बेहतर रहा है। उन्होंने जिले के शासकीय स्कूलों के बच्चों को जमीन पर नहीं बैठना पड़े इसके लिए ‘गिफ्ट अ डेस्क’ नामक अभियान चलाया था। इसके तहत जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, शासकीय कर्मचारी और पत्रकारों ने जनसहयोग से हजारों डेस्क और बेंच की व्यवस्था की। बता दें कि मध्य प्रदेश सरकार ने पिछले दिनों आईएएस अधिकारियों के तबादले किए थे। इसमें सिवनी कलेक्टर संस्कृति जैन को भोपाल नगर निगम का कमिश्नर बनाया गया है। वहीं नरसिंहपुर कलेक्टर शीतला पटले को सिवनी कलेक्टर की कमान सौंपी गई है।


