टेक ब्रांड आइक्यू ने आज 24 जुलाई को भारत में नया बजट 5G स्मार्टफोन आईक्यू Z11 लाइट 5G लॉन्च कर दिया है। स्मार्टफोन में सबसे खास 6500mAh की बैटरी है, जो 44W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट और 5 साल की हेल्थ वारंटी दी गई है। कंपनी का दावा है कि फोन सिर्फ 1% चार्ज होने पर भी आप 30 मिनट कॉल कर सकेंगे। आईक्यू Z11 लाइट में मीडियाटेक डायमेंसिटी 6300 प्रोसेसर और 50 मेगापिक्सल का मैन कैमरा दिया गया है। इसे तीन वैरिएंट में उतारा गया है। इसकी शुरुआती कीमत 19,499 रुपए रखी गई है। स्मार्टफोन की बिक्री 30 जुलाई से शुरू होगी। लॉन्च ऑफर में शुरुआती सेल में 1500 का इंस्टेंट डिस्काउंट मिलेगा। डिजाइन: मिलिट्री ग्रेड बॉडी और IP65 रेटिंग यह फोन मजबूत और टिकाऊ बॉडी के साथ आया है। फोन को SGS सर्टिफाइड मिलिट्री-ग्रेड बॉडी पर तैयार किया गया है, जिससे जमीन पर गिरने पर भी इसके टूटने का खतरा बहुत कम रहता है। धूल और पानी के छींटों से बचाव के लिए इसे IP65 रेटिंग मिली है। इसमें ‘ग्रीसी हैंड’ और ‘वेट हैंड’ टच तकनीक भी है, जिससे गीले या चिकने हाथ से स्क्रीन को बिना किसी दिक्कत चला सकते हैं। आईक्यू Z11 लाइट 5G: स्पेसिफिकेशंस डिस्प्ले: फोन में 1600×720 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.74 इंच की HD+ डिस्प्ले दी गई है, जो LCD पैनल पर बनी है। स्मूथ स्क्रॉलिंग और गेमिंग अनुभव के लिए इसमें 120Hz का रिफ्रेश रेट मिलता है और इसकी पीक ब्राइटनेस 1200 निट्स है। कैमरा: फोटोग्राफी के लिए फोन के बैक पैनल पर LED फ्लैश के साथ डुअल रियर कैमरा सेटअप है। इसमें 50 मेगापिक्सल सोनी LYT505C मुख्य सेंसर और एक सेकेंडरी AI लेंस दिया गया है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फ्रंट में 5 मेगापिक्सल का कैमरा है। परफॉर्मेंस: आईक्यू Z11 लाइट में 6nm फैब्रिकेशन पर बना मीडियाटेक डायमेंसिटी 6300 चिपसेट दिया गया है, जो 2.4GHz की क्लॉक स्पीड पर काम करता है। यह स्मार्टफोन एंड्रॉइड 16 पर आधारित ओरिजन OS 6 पर चलता है। बैटरी: पावर बैकअप के लिए फोन में 5 साल की बैटरी हेल्थ लाइफ वॉरंटी के साथ 6500mAh की बड़ी बैटरी दी गई है। कंपनी का दावा है कि फोन सिर्फ 1% चार्ज बचने पर भी यूजर 30 मिनट की 4G कॉलिंग, 12 मिनट इंस्टाग्राम, 8 मिनट वॉट्सएप चैटिंग या 6 मिनट गूगल मैप्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। चार्जिंग: फोन में 44W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट है। कंपनी का दावा है कि सिर्फ 10 मिनट की चार्जिंग में 7 घंटे से ज्यादा का ऑनलाइन वीडियो प्लेबैक टाइम मिलता है। इसमें रिवर्स चार्जिंग तकनीक भी है, जिससे दूसरा फोन चार्ज किया जा सकता है। इसके अलावा हैवी गैमिंग के दौरान करंट को सीधे मदरबोर्ड में भेजने के लिए बायपास चार्जिंग 2.0 भी है। कनेक्टिविटी फीचर्स: लो-नेटवर्क एरिया में नेटवर्क सिग्नल स्ट्रेंथ को 10% तक बूस्ट करने के लिए AI सुपरलिंक टेक्नोलॉजी दी गई है। इसमें डुअल 5G नेटवर्क सपोर्ट, वाई-फाई, ब्लूटूथ और 3.5mm ऑडियो जैक जैसे जरूरी फीचर्स शामिल हैं।


