भास्कर न्यूज | बेनूर नारायणपुर जिले के अति संवेदनशील नक्सल प्रभावित क्षेत्र ग्राम अडिंगपार में आईटीबीपी 53वीं वाहिनी द्वारा सिविक एक्शन कार्यक्रम के तहत निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर 1 जनवरी को वाहिनी की अग्रिम सीओबी अडिंगपार में आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य दूरस्थ इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। यह चिकित्सा शिविर 53वीं वाहिनी के सेनानी संजय कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर का नेतृत्व द्वितीय कमान अधिकारी संजय भारद्वाज, वाहिनी की चिकित्सिका डॉ. सपना एस. (एमओ), सहायक सेनानी आजाद पुनिया एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। चिकित्सा शिविर में ग्राम अडिंगपार, धुरबेड़ा, टायमेटा और मड़ोड़ा से आए ग्रामीणों को निशुल्क चिकित्सीय परामर्श, उपचार एवं आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। डॉ. सपना एस. द्वारा कुल 61 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें 16 पुरुष, 26 महिलाएं और 19 बच्चे शामिल थे। ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों, त्वचा रोग, सर्दी-खांसी, बुखार एवं अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के लिए उपचार उपलब्ध कराया गया। 53वींं वाहिनी के सेनानी संजय कुमार ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के निशुल्क चिकित्सा शिविर और जनकल्याणकारी कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।


