स्त्री-2 के अभिनेता अभिषेक बनर्जी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बरखासिंह गुरुवार को बीकानेर में थे। उन्होंने बीकानेर की कैर-सांगरी, हल्दी की सब्जी, ग्वार-पाठे की सब्जी, कचौड़ी के साथ-साथ रबड़ी के घेवर का स्वाद चखा। इतना ही नहीं दोनों ने जूनागढ़ सहित होटल नरेंद्र भवन में इंडियन फिल्म अकादमी (आईफा) अवार्ड्स की अपनी सिल्वर जुबली को खास बनाने के लिए प्री इवेंट ट्रेजर हंट की शूटिंग की। दोनों ने सुबह साढ़े नौ बजे से शाम 6:30 बजे तक आइफा अवार्ड के ट्रेजर हंट के लिए बीकानेर की स्थापत्य कला, उस्ता कला, खान-पान सहित बीकानेर की प्रसिद्ध चीजों को दिखाते हुए शूटिंग की। सुबह दोनों कलाकारों ने नरेंद्र भवन में बीकानेरी जायके के प्रमोशन करने के लिए कैर-सांगरी, हल्दी की सब्जी, ग्वार-पाठे की सब्जी, कचौड़ी के साथ-साथ रबड़ी के घेवर का जायका लिया। यहां करीब डेढ़ से दो घंटे तक चली शूटिंग में शहर के चटकारों पर चर्चा की वहीं उनका स्वाद भी चखा। इसके बाद ये दोनों कलाकार शूटिंग टीम के साथ दोपहर को जूनागढ़ पहुंच गए। जूनागढ़ के चार-पांच लोकेशन पर दोनों ने बीकानेर के लोक नृत्य, उस्ता कला, बादल पेंटिंग्स का प्रमोशन करने के लिए शूट किया। बरखासिंह ने चरनी नृत्य के दौरान चरणी सिर पर रखकर नृत्य भी किया। बीकानेर में पांच लोकेशनों पर होनी थी शूटिंग, लेकिन दो पर ही हुई आईफा अवार्ड समारोह का सिल्वर जुबली इवेंट जयपुर में होना है। इस समारोह के प्री इवेंट ट्रेजर हंट के लिए राज्य के 6 संभागों की प्रमुख चीजों को दिखाया जाएगा। इसके लिए बीकानेर की रामपुरिया हवेली, लालगढ़ किले के अलावा होटल नरेंद्र भवन, जूनागढ़, लक्ष्मी निवास सहित ऐतिहासिक हवेलियों पर शूट करने के लिए लोकेशन चिह्नित की थी, लेकिन उन्होंने दो जगहों पर ही शूटिंग की। टीम ने जूनागढ़ में ही चार लोकेशनों के साथ-साथ होटल नरेंद्र भवन में शूटिंग पूरी कर ली। अब प्रदेश के 5 शहरों में होंगी प्रमोशनल एक्टिविटी जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में होने वाले आईफा अवार्ड की प्रमोशनल एक्टिविटी राजस्थान के जैसलमेर, और बीकानेर में हो गई है। अब जोधपुर में 15-16 फरवरी को, भरतपुर में 25-26 फरवरी के साथ उदयपुर में भी फरवरी में होगा। इसके अलावा कोटा में 2 और 3 मार्च को और जयपुर में 6 और 7 मार्च को अभिनेता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर वहां के मुख्य स्थानों पर पहुंचकर शूटिंग करेंगे। सब जगहों की शूटिंग को एक साथ कर आईफा अवार्ड समारोह में दिखाया जाएगा। इस प्रमोशनल एक्टिविटी से प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। जूनागढ़ में सनसेट का दृश्य भी फिल्माया गया बीकानेर की चीजों के साथ जूनागढ़ से सनसेट के दौरान बनने वाले माहौल को भी फिल्माया गया। आईफा अवार्ड प्री इवेंट ट्रेजर हंट की शूटिंग के दौरान अभिनेता अभिषेक बनर्जी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बरखासिंह को शाम 6:30 बजे के आसपास जूनागढ़ के ओपन ग्राउंड में शाम के समय सनसेट को देखकर आशिकी अंदाज में बोले। यह दृश्य भी फिल्माया गया। बीकानेर में फिल्माए जाने वाले दृश्यों में यह अंतिम दृश्य था। इससे पहले दोनों कलाकार जूनागढ़ स्थित प्राचीना म्यूजियम पहुंचे और वहां रखी चीजों का देखा। उन्होंने वहां पर भी कुछ देर के लिए शूटिंग की। बीकानेर के इस प्राचीन गढ़ के चार-पांच स्थानों पर ट्रेजर हंट के लिए शूटिंग की गई। अनूप महल में उस्ता कला के साथ-साथ बादल पेटिंग के बारे में भी उन्होंने बात की।


