भास्कर न्यूज| चाईबासा जिले के आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय से पोस्ट ऑफिस चौक तक कैंडल मार्च निकाला। कैंडल मार्च में सभी आउटसोर्स कर्मचारी पंक्तिबद्ध होकर हाथों में कैंडल लिए जुलूस में शामिल हुए एवं अपनी एकजुटता का परिचय दिया। विरोध प्रकट करते हुए निम्न मांगों पर सरकार को विचार करने के लिए कहा है। नियमावली गठन के उपरांत झारखण्ड राज्य अंतर्गत सभी विभाग/कार्यालयों (सचिवालय, प्रमण्डल, जिला, अनुमंडल, प्रखण्ड, अंचल स्तरीय एवं अन्य क्षेत्रीय कार्यालय सहित) में आउटसोर्स के माध्यम से पूर्व से कार्यरत कर्मियों को यथास्थिति कार्यालय एवं पद पर पूर्ववत रखा जाय। समान कार्य के बदले समान वेतन के सिद्धांत के अनुरूप वेतन समान रूप से लागू किया जाय, वार्षिक वेतन वृद्धि राज्य व केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित मानक के अनुरूप समान या पूर्व की भांति 8% किया जाय, अमीन एवं अन्य तकनीकी कर्मियों, जिसे गैर-तकनीकी श्रेणी में रखा गया है, उन्हें तकनीकी श्रेणी में रखा जाय, पितृत्व अवकाश लागू किया जाय, शपथ पत्र समर्पित करने के कंडिका को विलोपित किया जाय, कार्यरत कर्मियों को 60 वर्ष की आयु तक सेवा सुरक्षित किया जाय। प्रतिवर्ष कार्य मूल्यांकन के पश्चात सेवा अवधि विस्तार की बाध्यता को समाप्त किया जाय, दुर्घटना के क्रम में शारीरिक अपंगता पर बीमा 5 लाख रुपए व दुर्घटना में मृत्यु के पश्चात 10 लाख एकमुश्त भुगतान का प्रावधान किया जाय, आउटसोर्स कर्मी अल्प वेतनभोगी कर्मी है इसलिए स्थानान्तरण की प्रक्रिया शिथिल रखा जाय, उपार्जित अवकाश का प्रावधान राज्य सरकार के कर्मियों की तरह,10 वर्षों से सेवारत आउटसोर्स कर्मियों की सेवा नियमितीकरण का प्रावधान करने की मांगें शामिल हैं।


