बलरामपुर के एक युवक ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो के समर्थन में न्याय पदयात्रा शुरू की है। यह यात्रा बलरामपुर से सरगुजा जिले तक पूरी हो चुकी है, जिसके बाद आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। यह पदयात्रा बलरामपुर जिले के युवक अमानत भगत सिंह ने निकाली है। यात्रा के दौरान उन्होंने सरगुजा संभाग के अलग-अलग क्षेत्रों में आम नागरिकों, किसानों और युवाओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता फैलाने का प्रयास किया। अमानत भगत सिंह ने स्पष्ट किया कि उनकी यह पदयात्रा किसी व्यक्ति विशेष के समर्थन या विरोध में नहीं है। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों, जल-जंगल-जमीन, बेरोजगारी, बढ़ते अपराध, हत्या और आदिवासी समाज से जुड़े मूलभूत सवालों को उठाना है। आम नागरिकों की आवाज़ को दबाने के बजाय समाधान की मांग उन्होंने कहा कि जब कोई आम नागरिक या युवा इन मुद्दों को उठाता है, तो सरकार को उनके खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय समस्याओं के समाधान की दिशा में गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। पदयात्रा के दौरान अमानत भगत सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों और ग्रामीणों से जुड़े उपेक्षित मुद्दों पर जोर उन्होंने बताया कि खेती से जुड़े संकट, भूमि अधिग्रहण, वन अधिकार, रोजगार की कमी और कानून-व्यवस्था की स्थिति जैसे विषय लंबे समय से उपेक्षित रहे हैं। इन पर अब खुली चर्चा और ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है। सरगुजा तक न्याय पदयात्रा पूरी, आगे की तैयारी अमानत भगत सिंह ने जानकारी दी कि सरगुजा तक की न्याय पदयात्रा पूरी हो चुकी है। अब सरगुजा से बिलासपुर हाईकोर्ट तक की यात्रा की तैयारियां चल रही हैं। इस दौरान सरगुजा संभाग की मूल समस्याओं के लिए कानूनी रास्ता अपनाने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार इन मुद्दों पर ठोस पहल करती है, तो यह यात्रा अपने उद्देश्य को सफल मानेगी। अन्यथा, आगे की रणनीति जनसमर्थन के साथ तय की जाएगी।


