छिंदवाड़ा के सिंगोडी के समीप ग्राम बाका मुकासा में मछली पकड़ने गए युवक की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। घटना ग्राम पंचायत बाका मुकासा के निवासी 28 वर्षीय ज्ञानलाल कहार पिता कुंदन कहार के साथ हुई। शिव कुमार कहार ने बताया कि युवक पेंच नदी के किनारे शाम करीब साढ़े चार बजे मछली पकड़ रहा था। उसी दौरान तेज गरज और चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर पड़ी, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया और घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। राहगीरों ने जब उसे बेहोश अवस्था में देखा तो तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। लेकिन करीब आधे घंटे से अधिक समय तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक को बाइक में बिठाकर सिंगोड़ी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपस्थित चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अमरवाड़ा अस्पताल भेज दिया। दो छोटे मासूम बच्चों का पिता था
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक ज्ञानलाल कहार दो छोटे मासूम बच्चों का पिता था और उसकी वृद्ध मां भी उसके साथ रहती है। परिवार आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर है। ग्रामीणों ने शासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। क्षेत्र में बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर प्रशासन ने सतर्क रहने की अपील की है।


