भास्कर न्यूज | जशपुरनगर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू मंगलवार 30 नवंबर की सुबह 10:50 बजे हेलिकॉप्टर से जशपुर के आगडीह हवाई पट्टी पर उतरेंगी। आगडीह में तीन हेलिपेड बनाए गए हैं। राष्ट्रपति के हेलिकाप्टर के साथ दो और हेलिकाप्टर यहां लैंड होंगे। आगडीह हवाई पट्टी पर कड़ी सुरक्षा का इंतजाम किया गया है। हवाई पट्टी के आसपास करीब एक किमी के इलाके में भारी संख्या में सुरक्षाबल और पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। राष्ट्रपति मुर्मू आगडीह में हेलिकाप्टर से उतरने के बाद सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल झारखंड के मांझाटोली तक जांएगी। राष्ट्रपति का काफिला करीब 21 किमी की दूरी नेशनल हाईवे-43 से तय करेगा। सुरक्षागत कारणों को लेकर एनएच-43 पर बुधवार को आवागमन सुबह 5 बजे से ही पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। दोपहिया-चारपहिया समेत किसी भी तरह के वाहनों की आवाजाही नहीं होने दी जाएगी। सड़क पर 21 किमी में जगह-जगह पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। गांव की जो सड़कें मुख्य सड़क एनएच से जुड़ती हैं, उन रास्तों को भी बैरिकेट से बंद किया गया है। राष्ट्रपति मुर्मू झारखंड के मांझाटोली में आयोजित अंतरराज्यीय जन संस्कृति समागम-कार्तिक जतरा कार्यक्रम की मुख्य अतिथि हैं।


