आगरा में करंट लगने से सिपाही की मौत:इमर्शन रॉड से पानी गर्म कर रहे थे, डेढ़ साल पहले हुई थी शादी

आगरा में बाथरूम में नहाने गए सिपाही की करंट से मौत हो गई। वह इमर्शन रॉड से पानी गर्म कर रहे थे। तभी वह करंट की चपेट में आ गए। करीब 20 मिनट तक जब सिपाही बाहर नहीं आया तो उनका साथी बाथरूम में देखने पहुंचा। अंदर देखा कि सिपाही बाथरूम के फर्श पर पड़े हुए थे। उनका एक हाथ पानी से भरी बाल्टी में था। साथी ने उठाने का प्रयास किया तो उसे भी करंट लग गया। फिर उन्होंने रॉड का हटाया। इसके बाद सिपाही को अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सिपाही मलपुरा में तैनात थे। वह मूलरूप से मेरठ के रहने वाले थे। सिपाही की डेढ़ साल पहले शादी हुई थी। अब जानिए पूरा मामला
मेरठ के गांव दादरी सकौती निवासी निखिल मोतला (29) वर्ष 2021 बैच के आरक्षी थे। 8 महीने पहले ही थाना मलपुरा में तैनात हुए थे। वह बमरौली रोड स्थित केसीआर कॉलोनी में मकान में रहते थे। उनके साथ उनके साथी सिपाही आशीष भी रहते थे। दोनों बचपन के दोस्त थे। मेरठ में भी दोनों के गांव आसपास ही हैं। गुरुवार सुबह निखिल ने नहाने के लिए बाथरूम में बाल्टी रखकर पानी गर्म करने के लिए लगाया था। उन्होंने बाल्टी में इमर्शन रॉड लगाई। इसके बाद प्लग ऑन कर दिया। फिर वह बाहर आ गए। कुछ देर बाद वह नहाने के लिए बाथरूम गए। करीब 20 मिनट तक वह बाथरूम से बाहर नहीं आए। उनके साथी आशीष ने निखिल को आवाज लगाई। मगर अंदर से कोई आवाज नहीं आई। निखिल के साथी सिपाही आशीष बाथरूम की तरफ गए। गेट खुला हुआ था। जब वह अंदर पहुंचे तो देखा कि निखिल फर्श पर पड़े हुए थे। उनका एक हाथ बाल्टी के अंदर था। बाल्टी में इमर्शन रॉड लगी हुई थी। आशीष ने निखिल को उठाने लगे। तभी उन्हें भी करंट लग गया। बाद में उन्होंने प्लग बंद किया और रॉड को तार सहित बाल्टी से बाहर खींचा। वह निखिल को अन्य सिपाहियों की मदद से अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टर ने निखिल को मृत घोषित कर दिया। आशीष ने घटना की जानकारी SO सहित अन्य पुलिस अधिकारियों को दी। वह भी अस्पताल पहुंच गए। सिपाही का पोस्टमार्टम कराया गया। डीसीपी पश्चिमी जोन अतुल शर्मा ने बताया कि आशीष और निखिल बचपन से दोस्त थे। दोनों ने एक साथ पढ़ाई की थी। साथ में ही दोनों वर्ष 2021 में पुलिस में भर्ती हुए थे। आगरा में दोनों को पहली तैनाती मिली। आशीष अपने परिवार के साथ यहां रहते थे। कुछ समय पहले उनका परिवार गांव चला गया। इसके बाद वह अपने दोस्त निखिल के साथ आकर रहने लगे। पोस्टमार्टम हाउस पर श्रद्धाजंलि दी गई
पोस्टमार्टम हाउस पर ही निखिल को श्रद्धांजलि दी गई। इस दाैरान डीसीपी पश्चिमी जोन अतुल शर्मा, एसीपी डॉ. सुकन्या शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे। सलामी दी। पुष्प अर्पित किए। इसके बाद पार्थिव शरीर को मेरठ ले जाया गया। डीसीपी ने बताया कि मेरठ पुलिस से पत्राचार किया गया है। जिससे सिपाही को पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि दी जा सके। मंगलवार को छुट्टी से ड्युटी पर लौटे थे
निखिल की मौत की सूचना उसके परिजन को मिली तो परिवार में मातम पसर गया। बताया गया कि वह कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आए थे। मंगलवार को निखिल छुट्टी खत्म होने पर आगरा लौट गए थे। निखिल दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके पिता प्रदीप मोतला मंडौरा समिति के चेयरमैन हैं। ग्रामीणों के अनुसार उनकी शादी लगभग डेढ़ साल पहले हुई थी। उनकी एक बेटी है। पड़ोसियों ने बताया कि दोपहर में निखिल अचानक करंट की चपेट में आ गए। उनके साथी आशीष और अन्य पड़ोसियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और निखिल को ग्वालियर रोड स्थित नवभारत हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ………………….. ये खबर भी पढ़िए- अफसरों से बोला-वादा करो घूस नहीं लोगे, वरना कूद जाऊंगा:मुरादाबाद में ऑफिस की बिल्डिंग पर चढ़ा युवक; 40 मिनट तक ड्रामा किया ‘वादा करो घूस नहीं मांगोगे। नहीं तो यहां से कूदकर जान दे दूंगा। सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए 6 महीने से ऑफिस के चक्कर लगा रहा, लेकिन अफसर घूस मांग रहे हैं।’ ये बातें मुरादाबाद में डिप्टी लेबर कमिश्नर (DLC) ऑफिस बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर चढ़े युवक ने चिल्लाते हुए कहीं। गुरुवार दोपहर करीब दो बजे वह बिल्डिंग पर चढ़ गया। जोर-जोर से चिल्लाने लगा। आवाज सुनकर ऑफिस के कर्मचारी भागकर बाहर आए। उसे समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन युवक जिद पर अड़ा रहा। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *