आगरा में पुलिस चौकी में एक व्यक्ति की पुलिस पूछताछ के दौरान मौत हो गई। घर वालों ने आरोप है कि पुलिस जबरन केदार सिंह को लेकर गई। उनकी गाड़ी में पिटाई की, जिससे मौत हो गई। मामला डौकी की कबीश पुलिस चौकी का है। मामले का पता चलने के बाद गांव के लोगों ने पुलिस चौकी का घेराव कर लिया। हंगामा करते हुए आगरा एक्सप्रेस-वे जाम कर दिया। 1 घंटे तक एक्सप्रेस-वे के दोनों तरफ 3Km लंबा जाम लगा रहा। सूचना मिलते ही 4 थाने की पुलिस फोर्स मंगवाई गई। पुलिस अफसरों ने मृतक के घर वालों को बमुश्किल समझा कर जाम खुलवाया। 3 लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया, 1 की हालत बिगड़ी
धोखाधड़ी के मुकदमे की जांच करने के लिए पुलिस ने गुरुवार सुबह 3 लोगों को चौकी पर बुलाया था। तीनों आसपास के गांवों के रहने वाले हैं। इसी दौरान गढ़ी हीसिया के केदार सिंह (55) की तबीयत बिगड़ गई। पुलिसकर्मी देवेंद्र को लेकर एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने केदार के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। केदार के घर वालों को जैसे ही मौत की सूचना मिली, उन्होंने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया। कहा कि पुलिस की मारपीट से देवेंद्र की मौत हुई है। गांव वालों ने चौकी का घेराव कर लिया, हंगामा करने लगे। घर वाले चौकी के बाहर बैठकर रोने-चिल्लाने लगे। घटना के बाद सर्किल का फोर्स चौकी पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण साफ होगा। परिजन बोले- जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए
मृतक के परिजनों ने कहा- जीप से 4-5 पुलिसकर्मी आए थे। वे लोग केदार सिंह को गाड़ी में बैठाकर ले गए। बरौली अहीर मोड़ पर पुलिसकर्मियों ने उसे गाड़ी में ही पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद उसे चौकी लेकर चले गए। परिजनों का आरोप है कि चौकी में भी केदार सिंह की बुरी तरह से पिटाई की गई। इस कारण उसकी हालत बिगड़ गई और बाद में मौत हो गई। पत्नी ने कहा- मुंह में कपड़ा ठूंस कर मारा, शिकायत सौंपी
केदार सिंह की पत्नी चंद्रकांता ने कहा- दोपहर 3 बजे थाना प्रभारी तरुण, कबीस चौकी से सिद्धार्थ सिंह और दरोगा शिवमंगल हमारे घर आए। मेरे पति केदार सिंह को उठकर ले गए। घर वालों ने पूछा कि कहां ले जा रहे हैं, तो उन्होंने बताया की चौकी पर ले जाकर बताएंगे। हमारे सामने केदार को पीटते हुए चौकी ले गए। अंदर कमरे में ढकेल दिया। मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। सिद्धार्थ सिंह ने मारपीट की, जिससे मेरे पति की मौके पर ही मौत हो गई। DCP ने कहा – पुलिस की लापरवाही सामने आई, तो एक्शन होगा
DCP ईस्ट अतुल शर्मा ने कहा- पूछताछ के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। डॉक्टर के मुताबिक, हृदय गति रुकने से मौत हुई है। पोस्टमॉर्टम की वीडियोग्राफी करवाई जाएगी। डॉक्टरों का पैनल बनाया गया है। अगर पुलिस वालों की गलती सामने आती है, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
————————- यह खबर भी पढ़ें : वाराणसी में 5 कत्ल करने वाला भतीजा अरेस्ट, 28 साल बाद बदला, भिखारी-साधु के भेष में छिपता रहा वाराणसी में शराब कारोबारी चाचा-चाची, 2 भाई और बहन का हत्यारा अरेस्ट हो गया है। भतीजा विशाल गुप्ता उर्फ विक्की 3 महीने से फरार था। पुलिस यूपी समेत 5 राज्यों में दबिश दे रही थी। गुरुवार को उसे बीएचयू के पास से गिरफ्तार किया गया। डीसीपी काशी गौरव बंसवाल ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में कई खुलासे किए। पढ़िए पूरी खबर…


