आगर मालवा में जिला पंचायत वार्ड क्रमांक-1 के सदस्य पद के लिए उपचुनाव के तहत सोमवार सुबह मतदान शुरू हो गया है। शुरुआती घंटों में मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की उपस्थिति कम दर्ज की गई। प्रशासन को उम्मीद है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी होगी। सुबह 7 बजे से 87 मतदान केंद्रों पर पुलिस और प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया प्रारंभ हुई। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिसमें अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी शामिल है। इस उपचुनाव में कुल 48 हजार 157 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान की प्रक्रिया दोपहर 3 बजे तक जारी रहेगी। मतदान केंद्रों पर कड़ी निगरानी, पुलिस अलर्ट प्रशासनिक अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोका जा सके। पुलिस बल भी अलर्ट मोड पर है। उपचुनाव में कुल चार प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें एक कांग्रेस समर्थित, दो भाजपा से जुड़े और एक निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं। प्रत्याशी मोहनसिंह ने गुंदलावदा स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। मतदान के बाद मतगणना की तैयारियों को लेकर भी प्रशासन सक्रिय है। अब सभी की नजरें मतदान प्रतिशत और उसके बाद आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हुई हैं।


