आगर मालवा में कांग्रेस ने विजय शाह का पुतला फूंका:लाड़ली बहनों पर टिप्पणी का किया विरोध, इस्तीफे की रखी मांग

आगर मालवा में लाड़ली बहनों को लेकर मंत्री विजय शाह की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री शाह का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे की मांग की। सरकार और मंत्री के खिलाफ जमकर की नारेबाजी छावनी नाका पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजयलक्ष्मी तंवर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए। उन्होंने सरकार और मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा और कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। जिलाध्यक्ष बोलीं-यह बयान बेहद अशोभनीय कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजयलक्ष्मी तंवर ने कहा कि मंत्री विजय शाह का लाड़ली बहनों के संबंध में दिया गया बयान बेहद अशोभनीय है और यह महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री का यह कहना कि यदि लाड़ली बहनें सभा में शामिल नहीं हुईं तो उनकी जांच कराई जाएगी, यह दर्शाता है कि सरकार महिलाओं को दबाव और भय के माध्यम से नियंत्रित करना चाहती है। मंत्री विजय शाह से पद से इस्तीफा देने की मांग जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि लाड़ली बहनें किसी की खरीदी हुई नहीं हैं, वे स्वाभिमान के साथ अपने परिवार का संचालन करती हैं। उन्होंने इस प्रकार की टिप्पणी को महिलाओं की गरिमा पर सीधा हमला बताया, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस ने मंत्री विजय शाह से तत्काल अपने पद से इस्तीफा देने की मांग की। इस्तीफा न मिलने पर आंदोलन की दी चेतावनी कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि मंत्री द्वारा शीघ्र इस्तीफा नहीं दिया गया, तो पार्टी प्रदेश स्तर पर आंदोलन को तेज करेगी। इसमें भोपाल में मुख्यमंत्री के घेराव जैसा बड़ा कदम भी शामिल होगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे, जिन्होंने मंत्री के बयान की निंदा करते हुए महिलाओं के सम्मान की रक्षा का संकल्प दोहराया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *