आगर मालवा में किसानों ने मंडी गेट पर ताला लगाया:सोयाबीन के कम दाम मिलने पर हाईवे जाम; 3 घंटे नीलामी बंद रही

आगर मालवा जिले में शनिवार को सोयाबीन के कम दाम मिलने से नाराज किसानों ने प्रदर्शन किया। आक्रोशित किसानों ने पहले आगर मंडी गेट पर ताला लगा दिया और फिर छावनी नाके पर नेशनल हाईवे जाम कर दिया। मंडी में सोयाबीन 2700 से 3500 रुपए प्रति क्विंटल के भाव पर नीलाम हो रहा था। किसानों की मांग थी कि उन्हें कम से कम 4500 से 5000 रुपए प्रति क्विंटल का भाव मिलना चाहिए। किसानों ने लगभग एक घंटे तक धरना स्थल पर नारेबाजी की। इस प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजयलक्ष्मी तंवर, प्रदेश प्रवक्ता गुड्डू लाला, एनएसयूआई के राष्ट्रीय महासचिव अंकुश भटनागर और सरपंच बहादुर दायमा सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। किसानों ने आरोप लगाया कि प्राकृतिक आपदा के कारण फसल की पैदावार पहले ही प्रभावित हुई है, मुआवजा राशि भी अब तक नहीं मिली है, और मंडी में व्यापारी सोयाबीन का उचित दाम नहीं दे रहे हैं। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि व्यापारी कम भाव में सोयाबीन खरीदकर आगामी भावांतर योजना में पंजीकरण कर लाभ उठाएंगे। उन्होंने उचित दाम के साथ-साथ जिले के किसानों को मुआवजा और बीमा राशि का लाभ दिलाने की मांग की। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने खुलवाया जाम स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एएसपी रविन्द्र कुमार, एसडीएम मिलिंद ढोके, सीएसपी मोतीलाल कुशवाह और थाना प्रभारी शशि उपाध्याय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से समझाइश कर जाम खुलवाया। बाद में मंडी में किसान प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बातचीत भी हुई, लेकिन समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। इस दौरान 3 घंटे बाद मंडी में नीलामी का कार्य फिर से शुरू हो गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *