आगर मालवा में टैंकर-कार भिड़ंत में तीन घायल:स्प्रिट से भरे टैंकर की जांच शुरू, चालक हिरासत में

आगर मालवा में शुक्रवार को उज्जैन–झालावाड़ नेशनल हाईवे पर अमरकोट गांव के पास एक टैंकर और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। यह हादसा इतना भीषण था कि टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल सुसनेर पहुंचाया गया। घायलों की पहचान सोयतकलां निवासी मनीष जैन, गिरिराज गुप्ता और राकेश गुप्ता के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सोयत पुलिस को सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारु कराया। हादसे में टैंकर चालक को कोई चोट नहीं आई है। थाना प्रभारी रामगोपाल वर्मा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त टैंकर में स्प्रिट भरी हुई थी। पुलिस स्प्रिट के परिवहन से संबंधित दस्तावेजों और उसकी वैधता की जांच कर रही है। टैंकर चालक को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों के साथ-साथ स्प्रिट के परिवहन से जुड़े नियमों के उल्लंघन की भी पड़ताल कर रही है। बताया गया कि टैंकर इंदौर से सवाई माधोपुर की ओर जा रहा था, जबकि कार सोयत से आगर की ओर आ रही थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *