आगर में गोचर भूमि पर कब्जे के विरोध में प्रदर्शन:साध्वी के नेतृत्व में कलेक्टर कार्यालय का घेराव, 15 दिन का अल्टीमेटम

आगर मालवा में मंगलवार को ग्राम गाता की लगभग 400 बीघा गोचर भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन हुआ। विशाल हिंदू सेना संगठन के बैनर तले महामंडलेश्वर सीतानंद गिरी के नेतृत्व में दर्जनों गोभक्तों ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान एसडीएम ने 15 दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन शांत हुआ। कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने के मुद्दे पर प्रशासनिक अधिकारियों और महामंडलेश्वर के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। काफी देर तक चले हंगामे के बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम मिलिंद ढोके ने प्रदर्शनकारियों को 15 दिनों के भीतर गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का भरोसा दिलाया। महामंडलेश्वर सीतानंद गिरी ने बताया कि ग्राम गाता की गोचर भूमि पर कुछ लोगों द्वारा लंबे समय से अवैध कब्जा कर खेती की जा रही है। इस गंभीर मामले को लेकर संगठन ने कई बार प्रशासन को आवेदन दिए, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक मधु गेहलोत को भी इस विषय में अवगत कराया गया था, जिन्होंने पहले मदद का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में इसे नजरअंदाज कर दिया। एसडीएम मिलिंद ढोके ने महामंडलेश्वर को आश्वस्त किया कि 15 दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, महामंडलेश्वर सीतानंद गिरी ने चेतावनी दी कि यदि तय समयसीमा में कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन की ओर से उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *