धौलपुर में एक लुटेरी दुल्हन पहले ही दिन ससुराल वालों को नशीला पदार्थ खिलाकर फरार हो गई। वह सोने-चांदी के आभूषण और नकदी भी ले गई। पीड़ित परिवार ने दलालों के माध्यम से 1 लाख 20 हजार रुपए देकर 7 दिसंबर को आगर में कोर्ट मैरिज की थी। मामला जिले के कोलारी थाना इलाके के पिपहेरा गांव का है। थाना प्रभारी हरि नारायण मीणा ने बताया- जिले के पिपहेरा गांव निवासी सोनू की कोर्ट मैरिज 7 दिसंबर को आगरा में हुई थी। वह शादी के बाद शाम को दुल्हन को लेकर घर आया था। घर में खुशी का माहौल था और सभी ने धूमधाम से शादी की रस्में पूरी की थीं। दुल्हन ने पहले ही दिन बनाया खाना दुल्हन ने पहले ही दिन खाना बनाने की बात कही। इसके बाद उसने चावल और आलू की सब्जी बनाई। उसने खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। इससे दूल्हा सोनू, उसका पिता सुरेश सिंह, मां नर्मदा और बुआ प्रेमवती बेहोश हो गए। परिवार के सदस्यों के बेहोश होने के बाद दुल्हन कमरे में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गई। परिजनों को बसई नबाब सीएचसी में कराया भर्ती सुबह जब परिजनों को होश आया तो उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। थाना प्रभारी हरि नारायण मीणा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बेहोश हुए परिजनों को बसई नबाब सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बिचौलिए ने कराई थी शादी जानकारी के अनुसार सोनू के परिवार ने एक बिचौलिए के माध्यम से यह शादी तय की थी। शादी करवाने के लिए बिचौलिए को 1.20 लाख रुपए दिए गए थे। बताया गया है कि सोनू की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी, जिसके कारण उन्होंने कर्ज लेकर यह शादी की थी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है।


