भोपाल के बिलखारिया थाना इलाके के कोकता नंबर 4 में रहने वाला अधेड़ आग की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक 50 वर्षीय संतोष कुमार यादव पुत्र बिहारी लाल यादव 4 नंबर कोकता का रहने वाला था और पूर्व में मिस्त्री का काम करता था। बस्ती में स्थित एक झोपड़ी में रहता था और आस पड़ोस से मांग कर खाना खाया करता था। तेज सर्दी के चलते बीती रात झोपड़ी में अपने बिस्तर के करीब आग जलाकर सोया था। इसी आग ने पुरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया बिस्तर सहित संतोष जलकर खाक हो गया। आग की लपटे उठती देखने के बाद पड़ोसियों ने किसी तरह आग को बुझाया। तब तक आग की चपेट में आने से संतोष की मौत हो चुकी थी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा बनाने के बाद बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए की मॉर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया। रविवार को बॉडी का पीएम कराया जा रहा है।


