आग में दो नाबालिगों की मौत के मामले में मजिस्ट्रियल जांच होगी

भास्कर न्यूज|लुधियाना साइकिल इंडस्ट्री में भीषण आग की चपेट में आने से हुई दो नाबालिगों की मौत मामले में मजिस्ट्रीयल जांच होगी। डिप्टी कमिश्नर जितेंद्र जोरवाल ने इसके आदेश दिए हैं। पांच सदस्यों की टीम मामले की जांच करेगी। 17 फरवरी को मिलरगंज पुलिस चौकी के समीप सेवकपुरा में सोनू साइकिल इंडस्ट्री में आग लग गई थी। इस फैक्ट्री में दो नाबालिगों की जलकर और दम घुटने से मौत हो गई थी। दो नाबालिग आग में झुलस गए थे जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस मामले में प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि इंडस्ट्री 100 गज में चल रही थी और वहां आग बुझाने के संसाधन भी नहीं थे। पुलिस ने इंडस्ट्री मालिक और ठेकेदार पर केस दर्ज किया था। घटना की जानकारी डिप्टी कमिश्नर जितेंद्र जोरवाल को मिली थी जिस पर उन्होंने मंगलवार को मामले में मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश जारी किए। उन्होंने एसडीएम ईस्ट जसलीन कौर के नेतृत्व में जांच कमेटी का गठन किया है। मंगलवार को प्रशासनिक टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और हादसे के कारणों के बारे में जानकारी एकत्र की। टीम ने बयान भी दर्ज किए हैं। डीसी जितेंद्र जोरवाल ने बताया कि कमेटी मामले की जांच कर जल्द रिपोर्ट पेश करेगी। भीषण आग में दो बच्चों की जान चली गई लेकिन घटना के 24 घंटे के बाद अफसरों व एनजीओ को घटनास्थल का पता तक नहीं था। वह मीडिया को फोन कर घटनास्थल के बारे में जानकारी लेते रहे। हालांकि, इसके बाद हरकत में आए अधिकारियों की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। इस दौरान हादसे में मारे गए बच्चों के नाम और घायलों के बारे में जानकारी हासिल की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *