आचार संहिता लगते ही हटने लगे बैनर, होर्डिंग्स:नगरीय निकाय चुनाव की घोषणा होते ही कार्रवाई में जुटा निगम का अमला, कल भी कार्रवाई

निकाय और पंचायत चुनाव के लिए आचार संहिता लागू होने के बाद निगम का अमला शहर में बैनर, होर्डिंग्स निकालने में जुट गया है। दोपहर में हुई राज्य निर्वाचन आयोग की घोषणा के बाद निगम अमले ने शहर के मुख्यमार्गों में लगे नेताओं और राजनैतिक दलों के बैनर, होर्डिंग्स को हटाना शुरू कर दिया। यह अभियान मंगलवार को भी जारी रहेगा। शहर में अधिकांश पोस्टर सत्तासीन दल भाजपा के लगे हुए हैं। सोमवार को राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय एवं पंचायतों के चुनाव की तिथियां घोषित कर दी है। आचार संहिता प्रभावी होने के साथ ही अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में बैनर-पोस्टर हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। निगम के राजस्व अमले एवं उड़नदस्ता दल ने कलेक्टोरेट चौक, गांधी चौक से अंबेडकर चौक तक लगे नेताओं के होर्डिंग्स एवं बैनर पोस्टर को निकाल दिया। पूरे शहर से निकाले जाएंगे पोस्टर व होर्डिंग्स
निगम के राजस्व प्रभारी विजय कुजुर ने बताया कि पूरे शहर से राजनैतिक होर्डिंग्स एवं बैनर निकाले जाएंगे। इसके लिए अभियान मंगलवार को भी जारी रहेगा। मंगलवार को टीमें रिंगरोड सहित शहर के प्रमुख मार्गों में होर्डिंग्स एवं बैनर निकालने का काम करेगी। आचार संहिता प्रभावी होने के बाद यदि बैनर, होर्डिंग्स लगाए जाते हैं तो आचार संहिता के उलंघन एवं संपत्ति विरूपण की कार्रवाई होगी। अधिकांश होर्डिंग्स बैनर भाजपा के
शहर में लगे अधिकांश होर्डिंग्स एवं बैनर सत्तासीन दल भाजपा के हैं। हाल में सरगुजा में भाजपा जिलाध्यक्ष का चुनाव हुआ है। भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह को बधाई देने वाले बैनरों से शहर पटा हुआ है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ सरकार के योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के लिए लगाए गए होर्डिंग्स भी हटाए जा रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *