डीडवाना क्षेत्र के आजवा गांव के पास खेतों में भीषण आग लग गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने से खेतों की बाड़, चारा और सूखी लकड़ियां जलकर खाक हो गईं। इस घटना से कई किसानों को भारी नुकसान हुआ है। यह आग डीडवाना से आजवा जाने वाली ग्रेवल सड़क के पास स्थित खेतों में लगी थी। कुछ ही देर में इसने विकराल रूप ले लिया और एक खेत से दूसरे खेत तक फैल गई। सूचना मिलने पर डीडवाना से दमकल की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, खेतों तक जाने वाले कच्चे और संकरे रास्तों के कारण दमकल वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाए। इसके बावजूद, दमकल कर्मियों ने मौके पर मौजूद पानी के टैंकरों की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की जानकारी मिलने पर डीडवाना थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आग पर पूरी तरह नियंत्रण कर लिया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, वहीं प्रशासन द्वारा हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


