धनबाद के बाघमारा स्थित हिलटॉप आउटसोर्सिंग में 9 जनवरी को हुए हिंसक झड़प मामले पर आजसू की छह सदस्यीय टीम ने बुधवार को एसएसपी से मुलाकात की। पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो के निर्देश पर गठित छह सदस्यीय टीम ने आज घटनास्थल का दौरा किया और प्रभावित लोगों से भी मुलाकात की। टीम में गोमिया के पूर्व विधायक लंबोदर महतो, पूर्व न्यायाधीश पंकज श्रीवास्तव, पूर्व डीआईजी सुबोध प्रसाद, प्रधान सचिव राजेंद्र मेहता, मांडू विधायक निर्मल महतो और राधेश्याम गोस्वामी शामिल थे। टीम ने एसएसपी एचपी जनार्दनन से मुलाकात कर घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
:
घटना के बाद से क्षेत्र में भय का माहौल: लंबोदर महतो
एसएसपी ने आश्वासन दिया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और किसी निर्दोष व्यक्ति को जेल नहीं भेजा जाएगा। पूर्व विधायक लंबोदर महतो ने बताया कि घटना के बाद से क्षेत्र में भय का माहौल है। उन्होंने खुलासा किया कि 9 जनवरी को सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने विस्थापितों के अधिकारों को लेकर बीसीसीएल प्रबंधन से सकारात्मक वार्ता की थी। हालांकि, इसी दौरान हिलटॉप आउटसोर्सिंग द्वारा काम शुरू करा दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप यह गंभीर घटना हुई। आजसू नेताओं ने इस पूरी घटना के लिए बीसीसीएल प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है। घटना में सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी के आवासीय कार्यालय पर भी आगजनी की गई थी।


