आज-कल बारिश का अलर्ट:17 सितंबर से कमजोर पड़ेगा मानसून; अब तक 404 की मौत, 3 NH समेत 565 सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश के सोमवार को कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। चंबा के भटियात में सबसे ज्यादा 10 मिलीमीटर बादल बरसे। मौसम विभाग ने आज सुबह 5 जिले कांगड़ा, मंडी, ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग के अनुसार, आज रात में भी किन्नौर और लाहौल स्पीति को छोड़कर अन्य सभी जिलों में बारिश का पूर्वानुमान है। अगले कल के लिए बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिला में यलो अलर्ट दिया गया है। 17 से 19 सितंबर के बीच मानसून कमजोर पड़ने का पूर्वानुमान है। वहीं, बीते रविवार के बुलेटिन के मुताबिक, आज से अगले 4 दिन धूप खिलने की संभावना जताई गई थी। मगर आज ऐसा नहीं हुआ। ​​सामान्य से 43 प्रतिशत अधिक बारिश इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 43 प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार, 1 जून से 14 सितंबर के बीच 686.5 मिलीमीटर सामान्य बारिश होती है, लेकिन इस बार 983.4 मिलीमीटर बादल बरस चुके है। इस अवधि में, कुल्लू जिला में नॉर्मल से डबल बादल बरस चुके हैं। कुल्लू में सामान्य से 108% अधिक और शिमला में 104% ज्यादा बादल बारिश हुई है। मंडी जिला में सामान्य से 76 प्रतिशत अधिक, बिलासपुर में 72 प्रतिशत, सोलन में 71 प्रतिशत, हमीरपुर 57, चंबा 29, कांगड़ा 17, किन्नौर 31, सिरमौर 41 प्रतिशत और ऊना जिला में नॉर्मल से 66 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। मानसून सीजन में 404 लोगों की जान जा चुकी यही भारी बारिश प्रदेश में तबाही का कारण बनी है। इस मानसून सीजन में 404 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें से 76 लोगों की जान बाढ़, बादल फटने और लैंडस्लाइड से गई है। इस सीजन में लैंडस्लाइड की 140 घटनाएं, बाढ़ की 97 और बादल फटने 46 घटनाएं पेश आई हैं। 3 NH समेत 565 सड़कें बंद प्रदेश में तीन नेशनल हाईवे समेत 565 सड़कें बंद पड़ी हैं। इनमें 90 प्रतिशत सड़कें 15 दिनों से भी अधिक समय से अवरुद्ध हैं। इससे लोगों की आवाजाही और सेब व दूसरी फसलों की ढुलाई पर बुरा असर पड़ा है। इस मानसून सीजन में 13 मोटरेबल पुल भी टूटे हैं। ऐसे में मानसून का कमजोर पड़ना थोड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार इससे बिजली, पानी और सड़कों की बहाली के काम में तेजी ला सकेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *