आज जबलपुर आएंगे डिप्टी सीएम देवड़ा:सामूहिक सूर्य नमस्‍कार में होंगे शामिल, मॉडल स्‍कूल में होगा कार्यक्रम; स्कूली बच्चे भी रहेंगे उपास्थित

मध्यप्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार स्वामी विवेकानंद जी के जन्मदिन युवा दिवस पर जबलपुर के लज्जा शंकर झा स्कूल में सामूहिक सूर्य नमस्कार का कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम में प्रदेश के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा सहित कई विधायक, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र शामिल होंगे। युवा दिवस पर सुबह 9 बजे से मॉडल स्‍कूल में सामूहिक सूर्य नमस्‍कार होगा। उप मुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा के मुख्य आतिथ्य में विद्यार्थियों का मॉडल स्‍कूल के मैदान में एकत्रित होना शुरू होगा। वे योग एवं सूर्य नमस्‍कार हेतु निर्धारित स्‍थल पर अपेक्षित दूरी पर पंक्तिबद्ध होकर अपना स्‍थान लेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से होगा। मुख्य अतिथि एवं सभी आमंत्रित अतिथियों के स्वागत के बाद सुबह 9.30 बजे से आकाशवाणी के माध्यम से राष्‍ट्रगीत वंदेमातरम्, स्‍वामी विवेकानंद जी की वाणी एवं मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश के प्रसारण के पश्चात सूर्य नमस्‍कार और प्राणायाम होगा। सामूहिक सूर्य नमस्‍कार के जिला स्‍तरीय कार्यक्रम का समापन सुबह 10.30 बजे होगा। जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने बताया कि स्वामी विवेकानंद जी की जयंती युवा दिवस पर जिले की सभी शिक्षण संस्थाओं में भी सुबह 9 बजे से सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया जायेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *