आज दिन के एक बजे से रात 11 बजे तक पावर कट, शोभायात्रा के रूट पर वाहन नहीं चलेंगे

सरहुल को लेकर मंगलवार को शहर में दिन के एक से रात 11 बजे तक बिजली नहीं रहेगी। वहीं सरहुल की शोभा यात्रा के दौरान शहर में दोपहर एक बजे से शोभायात्रा की समाप्ति तक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। सरहुल को देखते हुए रांची में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। 1500 अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सरहुल की शोभा यात्रा जिन प्रमुख मार्गों से होकर सिरमटोली सरना स्थल तक पहुंचेगी, उनमें कांके रोड, रातू रोड, बोड़ेया रोड होते हुए रेडियम चौक, शहीद चौक, अल्बर्ट एक्का चौक से मेन रोड सुजाता चौक, मुंडा चौक होते हुए सिरमटोली सरना स्थल आएगी। नामकुम, खूंटी रोड बिरसा चौक, डोरंडा की ओर आने वाली सरहुल शोभा यात्रा ओभरब्रिज , सुजाता चौक, मुंडा चौक होकर सिरमटोली सरना स्थल तक पहुंचेगी। वहीं अरगोड़ा, हरमू की तरफ से आने वाली सरहुल शोभा यात्रा कडरू, बिग बाजार, सुजाता चौक, मुंडा चौक होकर सिरमटोली सरना स्थल तक पहुंचेगी। असामाजिक तत्वों पर ड्रोन की रहेगी नजर रांची पुलिस ने शोभायात्रा के दौरान असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए शहर के सभी सीसीटीवी कैमरा को सक्रिय कर दिया है। अतिरिक्त 1500 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। जुलूस में भीड़ पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरा की भी पुलिस मदद लेगी। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादे लिबास में महिला व पुरुष पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे। थाना से संपर्क कर बहाल होगी बिजली शोभायात्रा को लेकर सुरक्षा की दृष्टि से मंगलवार को दिन के एक बजे से बिजली काट दी जाएगी, जो रात के 11 बजे के बाद आएगी। जेबीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता डीएन साहू ने बताया कि जैसे-जैसे शोभायात्रा लौटती जाएगी, उन रूटों पर संबंधित थाना से बात करने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी। 24 घंटे काम करने वाले कंट्रोल रूम का नंबर 94311-35682 है। इन मार्गों का ट्रैफिक रूट बदला… गाड़ियां तय स्थानों से आगे नहीं जाएंगी सरहुल शोभा यात्रा के कारण एसएसपी आवास चौक से कचहरी चौक, शहीद चौक की ओर सामान्य वाहन नहीं जा सकेंगे। चर्च रोड से मेन रोड, वूल हाउस से मेन रोड, कर्बला चौक से रतन पीपी, पीपी कंपाउंड से सुजाता चौक तक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। अपर बाजार से शहीद चौक, चडरी तालाब से अल्बर्ट एक्का चौक, थड़पखना मार्ग में सामान्य वाहनों का परिचालन वर्जित रहेगा। पुरुलिया रोड से सर्जना चौक, विष्णु सिनेमा मार्ग से मेन रोड, टैक्सी स्टैंड की ओर आने वाले सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। सर्कुलर रोड से आने वाले वाहन जेल चौक तक ही जा सकेंगे। जाकिर हुसैन पार्क से कमिश्नर चौक, रेडियम चौक व पुराना नगर निगम कार्यालय मार्ग से कमिश्नर चौक की ओर नहीं जा सकेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *