जयपुर | अचानक हृदयगति रुकने से मौत की घटनाओं में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है। कार्डियक अरेस्ट से जान गंवाने वालों में युवाओं की तादाद भी काफी है। इस स्थिति में जान बचाने में कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) काफी मददगार होता है। सीपीआर के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को सुबह 10 बजे से नेवटा स्थित सेंट जेवियर्स कैंपस में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान आयोजकों की ओर से दो गिनीज बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड का दावा भी पेश किया जाएगा। पहला रिकॉर्ड एक ही जगह पर सीपीआर रिले में सर्वाधिक लोगों के भाग लेने और दूसरा रिकॉर्ड एक स्थान पर सर्वाधिक ह्यूमन मैनिकिन्स (मानव प्रतिरूप) पर अभ्यास करने से संबंधित होगा। कार्यक्रम जयपुर वर्ल्ड रिकॉर्ड कार्निवल के फाउंडर और 7 गिनीज बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक मनमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में होगा। उन्होंने बताया कि डॉ. वीके जैन के मार्गदर्शन में 5 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं व लोग सीपीआर का अभ्यास करेंगे।


